मुख्यमंत्री ने 14वें एफ0आई0एच0 हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप की ट्रॉफी का स्वागत एवं अनावरण किया

 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि हॉकी इण्डिया के तत्वावधान में  28 नवम्बर से 10 दिसम्बर, 2025 तक तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै नगरों में 14वां एफ0आई0एच0 हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप आयोजित किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता की ट्रॉफी आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आई है। प्रदेश में इस ट्रॉफी का आना प्रदेश में हॉकी के स्वर्णिम इतिहास का स्मरण कराता है। प्रदेशवासियों के लिए यह गौरवान्वित करने वाला क्षण है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां अपने सरकारी आवास पर 14वें एफ0आई0एच0 हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप की ट्रॉफी का स्वागत एवं अनावरण करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस विश्व कप में 24 देशों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। इनमें भारत, जापान, चीन, स्पेन, बेल्जियम, न्यूजीलैण्ड, स्विट्जरलैण्ड, चिली, आयरलैण्ड, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, ऑस्ट्रिया, इंग्लैण्ड, मलेशिया, नीदरलैण्ड्स, नामीबिया, मिस्र, जर्मनी, अर्जेन्टीना तथा ओमान की टीमें सम्मिलित हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हॉकी इण्डिया में उत्तर प्रदेश का योगदान अविस्मरणीय है। हॉकी के जादूगर के रूप में विख्यात मेजर ध्यानचन्द का जन्म प्रदेश में ही हुआ था। मेजर ध्यानचन्द ने भारत को 03 ओलम्पिक स्वर्ण पदक दिलाकर सम्पूर्ण राष्ट्र को गौरवान्वित किया था। प्रदेश सरकार द्वारा मेजर ध्यानचन्द की स्मृतियों को जीवन्त बनाए रखने के लिए जनपद मेरठ में मेजर ध्यानचन्द स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। इस विश्वविद्यालय में इस वर्ष से पहला सत्र प्रारम्भ किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री के0डी0 सिंह ‘बाबू’ की स्मृतियों को संजोते हुए उनकी जन्मस्थली बाराबंकी में स्थित पैतृक आवास को भव्य म्यूज़ियम के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रदेश के अनेक हॉकी खिलाड़ियों ने हॉकी इण्डिया को गौरवान्वित कर भारत को दुनिया में सम्मान दिलाया है। इनमें पद्मश्री मोहम्मद शाहिद, अशोक कुमार, रवीन्द्र पाल, सैयद अली, डॉ0 आर0पी0 सिंह, सुजीत कुमार, अब्दुल अजीज, सुबोध खण्डकर, रजनीश मिश्रा, मोहम्मद शकील, देवेश चौहान, एम0पी0 सिंह, जगवीर सिंह, विवेक सिंह, राहुल सिंह, दानिश मुजतबा, ललित उपाध्याय, राजकुमार पाल, प्रेममाया, रंजना श्रीवास्तव, मंजू बिष्ट, पुष्पा श्रीवास्तव, रजनी जोशी,  वंदना कटारिया, रितुषा कुमारी आर्या, प्रीति दुबे सम्मिलित हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश के राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकान्त सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति, पूर्णिमा आदि हॉकी खिलाड़ी सीनियर, जूनियर महिला एवं पुरुष वर्ग की भारतीय टीमों में चयनित होकर प्रदेश व देश को गौरवान्वित कर रहे हैं।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री सुहास एल0वाई0, खेल निदेशक डॉ0 आर0पी0 सिंह, महासचिव हॉकी इण्डिया भोला नाथ सिंह, डी0जी0 हॉकी इण्डिया कमाण्डर आर0के0 श्रीवास्तव, महासचिव उत्तर प्रदेश हॉकी  रजनीश कुमार मिश्रा, अन्तरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी  ललित कुमार उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *