सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान अवैध इंजेक्शन बनाने और उनकी सप्लाई करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। मौके से ऑक्सीटोसिन से भरी 2,981 शीशियां और 60 लीटर ऑक्सीटोसिन बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, STF ने औषधि निरीक्षक और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। छापेमारी के दौरान इंजेक्शन तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सिलाई मशीन, कैप सीलिंग मशीन, खाली शीशियां और पैकिंग से संबंधित अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
जांच में सामने आया कि गिरोह दिल्ली से ऑक्सीटोसिन मंगाता था। इसके बाद उसमें मिलावट कर अवैध रूप से इंजेक्शन तैयार किए जाते थे। इन इंजेक्शनों की सप्लाई पशुओं का दूध निकालने और फलों-सब्जियों के विकास में इस्तेमाल के उद्देश्य से की जाती थी।
STF के मुताबिक, इस गिरोह का नेटवर्क सहारनपुर और आसपास के जनपदों में फैला हुआ था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूरा निवासी कुंडा कला, थाना गंगोह के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां गिरोह के अन्य सदस्यों, ऑक्सीटोसिन की सप्लाई के स्रोत और अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
