हमीरपुर। जिले के सरीला तहसील क्षेत्र के बड़ा खरका गांव में खेल प्रेमियों के लिए उत्साह और उमंग से भरी क्रिकेट प्रीमियम लीग का भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन समाजसेवी मान बहादुर उर्फ मुन्ना भैया ने फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने मेजबान टीम सहित सभी प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन मैच गोहांड और महानदाबाद (उरई) के बीच खेला गया।
समाजसेवी मान बहादुर ने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। खेलों से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है, साथ ही शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में विजेता एवं उपविजेता टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि की व्यवस्था की गई है, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल और बढ़ेगा। टूर्नामेंट के आयोजक अवध किशोर ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य गांव-देहात के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना है, ताकि वे आगे चलकर जिले और प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह में रमेश कक्का, नरेन्द्र गोहांड, सत्या राजपूत, रामस्वरूप किसान, राजकुमार सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा सैकड़ों की संख्या में ग्रामवासी और क्रिकेट प्रेमी मैदान में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया
