गोहांड में 300 जरूरतमंदों को वितरित किए गए कंबल, ठंड में कंबल पाकर खिले चेहरे

सरीला, हमीरपुर। तहसील सरीला क्षेत्रांतर्गत नगर पंचायत गोहांड में सोमवार को कंबल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक मनीष अनुरागी ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए 300 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। कंबल मिलते ही बुजुर्गों और गरीबों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ झलकी।
इस अवसर पर विधायक मनीष अनुरागी ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि कोई भी गरीब सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे। शासन द्वारा गरीब, विधवा और दिव्यांगजनों को ठंड से बचाव के लिए लगातार कंबल वितरण कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। एसडीएम बलराम गुप्ता ने बताया कि तहसील सरीला क्षेत्र में अब तक असहाय, निराश्रित और वंचित वर्ग के 1400 लोगों को कंबल वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा काउंटर लगाकर दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित जानकारी दी गई और पात्र लोगों के फॉर्म भी भरवाए गए।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी बलराम गुप्ता, तहसीलदार राममोहन, नगर पंचायत अध्यक्ष अनीता राजपूत, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गोहाँड, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आराधना राजपूत, ब्लॉक प्रमुख अरविंद राजपूत, सरीला मंडल अध्यक्ष रामआसरे सहित भाजपा पदाधिकारी व राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुधीर कुमार लेखपाल गोहाँड ने किया। अंत में तहसीलदार सरीला ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *