एस.वी.पी. इंटर कॉलेज में यातायात जागरूकता अभियान आयोजित “सुगम सड़क, सुरक्षित यात्रा” थीम पर छात्रों को दी गई यातायात नियमों की जानकारी

लखनऊ। कुर्सी रोड स्थित एस.वी.पी. इंटर कॉलेज में सोमवार को पुलिस उपयुक्त यातायात लखनऊ के निर्देशन में “सेफ राइडिंग अभियान” के तहत यातायात माह-2025 के अवसर पर एक यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में सहायक प्रभारी यातायात अलीगंज प्रमेश पाठक, सुमित मिश्रा, तथा प्रभारी यातायात उपनिरीक्षक गाजीपुर सूरज पांडेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य श्री राहुल सक्सेना एवं विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन के लिए शपथ दिलाई गई तथा पम्पलेट वितरित किए गए। सहायक प्रभारी प्रमेश पाठक ने छात्रों को सिग्नल लाइट, स्टॉप लाइन, सड़क चिन्ह, गुड सेमेटेरियन कानून तथा गोल्डन आवर के महत्व की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं, अपने लेन में चलें, रॉन्ग साइड न चलें, अति गति से बचें तथा एम्बुलेंस या फायर ब्रिगेड जैसे आपात वाहनों को रास्ता दें। साथ ही उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वाहनों के आवश्यक दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस हमेशा साथ रखें एवं बिना लाइसेंस वाहन न चलाएं।

कार्यक्रम में टीएसआई सूरज पांडेय, आरक्षी अनुज सिंह, सौरभ सिंह, अखिलेश, कुलदीप मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने यातायात पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया और छात्रों को नियमित रूप से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *